संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद अब जिले के विक्रेताओं ने तुर्किये से आने वाला सेब लेने से मना कर दिया है। दरअसल तुर्किये से सेब भारत में आयात किए जाते थे। अब दुकानदारों व थोक विक्रेताओं का कहना है कि तनाव के दौरान तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था, जिसको लेकर अब लोग तुर्किये से कुछ भी सामान लेने से इंकार कर रहे हैं।
डबुआ मंडी में तुर्किये के सेब के विक्रेता राजू ने बताया कि वे लगभग 7 वर्षों से थोक विक्रेताओं से सेब खरीद रहे थे। जिन्हें वे डबुआ मंडी में बेचते थे। थोक विक्रेताओं ने तुर्किये से सेब लेना बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि वो लगभग 25 बॉक्स खरीदते थे। जिनमें एक बॉक्स की कीमत लगभग 3 हजार रुपये होती थी। राजू ने बताया कि तुर्किये से कई राज्यों में थोक में सेब आयात किए जाते थे। जहां से सभी विक्रेता अपने हिसाब खरीद लेते थे।