अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में एलपीजी, पीएनजी और पेट्रोल-डीजल की कमी की फैल रही अफवाहों के बीच केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम अभाव की खबरों के कारण लोगों में घबराहट बढ़ी है जिससे अचानक मांग बढ़ी दिखाई दे रही है जबकि वास्तविक रूप से किसी प्रकार की कमी नहीं है।
शनिवार को जिला प्रशासन के साथ हुई समीक्षा बैठक में एलपीजी, पीएनजी और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सप्लाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश हो तो तुरंत कार्रवाई की जाए। मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस व पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।