बल्लभगढ़। क्रेडिट कार्ड पर एक्टिव इंश्योरेंस पॉलिसी बंद कराने के नाम पर लिंक भेजकर 39 हजार 329 रुपये की ठगी करने के मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी युवती को दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र से पकड़ा है। उसको अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में पता चला कि वह किसी अन्य व्यक्ति के लिए सैलरी पर कॉलिंग का काम करती थी और उसे डाटा व लिंक उपलब्ध कराए जाते थे। उसी डाटा के आधार पर वह लोगों को कॉल कर लिंक भेजती थी और ठगी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गढ़खेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने 9 दिसंबर 2025 को साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाली युवती ने खुद को निजी बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया। उसे बताया गया कि उसके क्रेडिट कार्ड पर एक इंश्योरेंस पॉलिसी एक्टिव है, जिसे बंद करने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा। उस लिंक पर कार्ड से जुड़ी जानकारी भरकर सब्मिट करने के लिए कहा गया।शिकायतकर्ता ने जैसे ही लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज कर सब्मिट किया गया, उसके क्रेडिट कार्ड से 39 हजार 329 रुपये कट गए। जांच के दौरान साइबर थाना टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी युवती की पहचान की और उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।