फरीदाबाद। खेड़ी पुल स्थित तिगांव रोड पर सड़क के बीचोंबीच एक गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह गड्ढा मुख्य सड़क के बीच में होने के कारण इससे लगातार हादसे का खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिनमें दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हैं। गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या बचकर निकलने पर मजबूर होना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि मौके पर किसी भी तरह के चेतावनी संकेतक या सुरक्षा बैरिकेड नहीं लगाए गए हैं। केवल आसपास कुछ पत्थर रखकर औपचारिकता पूरी की गई है, जिससे स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो गई है। रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वाहन चालक इसे समय रहते देख नहीं पाते। इससे दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ गई है।