कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अस्थायी परमिट लेकर और बसें भी चलाई जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। कांवड़ यात्रा को लेकर हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद डिपो ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शिव भक्तों की सुविधा के लिए हरिद्वार रूट पर चार अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक रही तो अस्थायी परमिट लेकर अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया जाएगा, ताकि किसी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
फरीदाबाद डिपो के ड्यूटी इंचार्ज जयपाल राठी ने बताया कि फिलहाल बल्लभगढ़ से हरिद्वार के लिए दो नियमित बसें संचालित हो रही हैं। इनमें पहली बस सुबह 5:30 बजे और दूसरी बस रात 8 बजे रवाना होती है। इसके अलावा पलवल से वाया बल्लभगढ़ होकर हरिद्वार जाने वाली एक बस भी प्रतिदिन सुबह करीब 11:30 बजे रवाना होती है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले 25 जुलाई से बसों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए है। यातायात पुलिस से रूट डायवर्जन की जानकारी मिलते ही उसी के अनुरूप बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन कर हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों को निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।