10 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोठुका स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
अब अभ्यर्थी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। इससे उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलेगा, जो निर्धारित समयसीमा में किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए थे। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि सात अगस्त निर्धारित की गई थी। जानकारी के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले विद्यार्थियों और अभिभावकों को जरूरी दस्तावेजों एवं दर्ज की जाने वाली सूचनाओं की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने विवरण में आवश्यक सुधार करने का भी अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 11 और 12 अगस्त की तिथियां निर्धारित की गई हैं। सुधार की अवधि के दौरान अभ्यर्थी लिंग, श्रेणी, क्षेत्र, दिव्यांगता तथा परीक्षा के माध्यम जैसी जानकारियों में संशोधन कर सकेंगे। विद्यालय में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।