संवाद न्यूज एजेंसी नूंह। सदर थाना क्षेत्र के अलदूका गांव के पास स्थित बालाजी ईंट भट्ठा कंपनी में एक अधेड़ मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चित्रकूट निवासी करीब 45 वर्षीय छोटेलाल के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। जानकारी के अनुसार, छोटेलाल एक दिन पहले ही अपने गांव से लौटकर काम पर आया था। बुधवार सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो साथी मजदूरों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह मृत अवस्था में पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही सदर थाना नूंह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूंह भेजा गया। थाना प्रभारी प्रवीण के अनुसार, शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है।