एम्स की लैब में कराई गई जांच, शिकायत के बाद भी नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-45 स्थित श्री होम सोसाइटी में टैंक के पानी में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया पाए जाने का मामला सामने आया है। पानी के सैंपल की जांच एम्स की लैब में कराई गई, जिसमें बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दूषित पानी के कारण 15 दिनों से कई बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो गए हैं और यह समस्या लगातार बढ़ रही है। नगर निगम से शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में 600 से अधिक परिवार रह रहे हैं। यहां के लोग हर महीने मेंटेनेंस के नाम पर बिल्डर को 3200 रुपये का भुगतान करते हैं इसके बावजूद साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। निवासियों का आरोप है कि पानी से दुर्गंध आती है और उसमें मल जैसे अंश महसूस होते हैं। इसके सेवन से त्वचा संबंधी रोग, बुखार, उल्टी और पेट की समस्या बढ़ रही है। फिलहाल 15 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं, जिनमें अधिकतर बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।
निजी अस्पतालों के डॉक्टरों के अनुसार, ई-कोलाई बैक्टीरिया से दूषित पानी पीने पर डायरिया, तेज बुखार, उल्टी और गंभीर संक्रमण हो सकता है, जो समय पर इलाज न मिलने पर खतरनाक साबित हो सकता है।
निवासियों ने इस समस्या को लेकर बिल्डर और नगर निगम से शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
वर्जन
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा का कहना है कि पानी की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाएगी और जो भी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।