- फुटपाथ और जल निकासी की व्यवस्था सुधरेगी, दुकानदारों और आम लोगों को मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के वार्ड-31 की पथवारी कॉलोनी निवासियों को लंबे समय से टूटी-फूटी सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत मिलने वाली है। गुप्ता साइकिल से गुप्ता मेडिकल स्टोर तक जाने वाला मुख्य जर्जर मार्ग का पक्का किया जाएगा। अब नगर निगम ने इस सड़क को आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) से पक्का करने की योजना को मंजूरी दी है। बता दें कि स्कूल जाने वाले बच्चे, काम पर जाने वाले लोग और बुजुर्ग इस सड़क से गुजरते समय रोजाना मुश्किल का सामना करते हैं।
स्थानीय दुकानदार बताते हैं कि बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भरने से ग्राहकों का आना-जाना कम हो जाता है। वहीं, मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है क्योंकि एंबुलेंस को गड्ढों और कीचड़ से गुजरना पड़ता है। इसके साथ ही फुटपाथ और जल निकासी की व्यवस्था भी सुधारी जाएगी जिससे पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और बरसात में पानी भरने की समस्या खत्म होगी।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि सड़क बन जाने से इलाके की संपत्तियों की कीमतों में भी इजाफा होगा और व्यापारिक माहौल सुधरेगा। दुकानदारों को उम्मीद है कि ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और कारोबार में तेजी आएगी। यह परियोजना क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचे के सुधार की दिशा में बड़ा कदम है। लोगों का कहना है कि अगर काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया गया तो यह सड़क आने वाले कई वर्षों तक पथवारी कॉलोनी की पहचान बन सकती है।