संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भीषण गर्मी की आहट ने फरीदाबाद के बाजारों में रौनक लौटा दी है। लोगों ने गर्मी से निजात पाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक बाजारों का रुख कर लिया है। शहर के एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जैसे प्रमुख बाजारों में इन दिनों एयर कंडीशनर (एसी), कूलर और पंखों की बिक्री में भारी उछाल देखने को मिल रहा है।
दुकानदारों के चेहरे खिले, स्टॉक की बढ़ी मांग
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस बार गर्मी की शुरुआत होते ही मांग उम्मीद से ज्यादा बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार, कूलर की मांग सबसे अधिक है। औसतन हर छोटी-बड़ी दुकान से प्रतिदिन 10 से 15 कूलर बिक रहे हैं। ओल्ड फरीदाबाद मार्केट के एक व्यापारी विकास और एनआईटी-4 के एक दुकानदार संजीव चावला ने बताया, पिछले साल के मुकाबले इस बार सीजन की शुरुआत काफी धमाकेदार हुई है। लोग बजट के अनुसार लोहे और फाइबर, दोनों तरह के कूलरों को पसंद कर रहे हैं।
ब्रांडेड और लोकल दोनों की डिमांड
बाजार में जहां मध्यम वर्ग की पसंद देशी कूलर बने हुए हैं, वहीं नौकरीपेशा और युवा वर्ग फाइव-स्टार रेटिंग वाले एसी को प्राथमिकता दे रहे हैं ताकि बिजली के बिल पर नियंत्रण रखा जा सके। पंखों में बीएलडीसी तकनीक वाले मॉडल्स की काफी पूछताछ हो रही है।
कीमतों में हल्की बढ़ोतरी
कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के कारण इस साल कूलरों और पंखों के दामों में 5 से 10 फीसदी तक का इजाफा देखा गया है। इसके बावजूद, लू और उमस से बचने के लिए लोग खरीदारी करने में पीछे नहीं हट रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि यदि तापमान इसी तरह बना रहा, तो आने वाले दिनों में बिक्री के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं।