बल्लभगढ़ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1,02,798 रुपये की ठगी कर ली । बल्लभगढ़ के विष्णु कॉलोनी निवासी कृष्ण बंसल की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने पांच मई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कृष्ण बंसल ने पुलिस को बताया कि वह टेलीग्राम पर पंकज भारद्वाज नाम का चैनल देख रहे थे, जिसमें निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया था। जालसाज ने उनसे टेलीग्राम और व्हाट्सएप नंबर के जरिये संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि निवेश की गई राशि का लाभ दो घंटे में मिल जाएगा। इसके बाद आरोपी ने एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर पीड़ित ने फोन पे के माध्यम से कुल 1,02,798 रुपये भेज दिए।
जब कृष्ण ने अपनी राशि वापस मांगी, तो जालसाज और पैसों की मांग करने लगा और बाद में उन्हें टेलीग्राम व व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की आगामी कार्रवाई सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र द्वारा अमल में लाई जा रही है।