फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानी के लिए हाहाकार, लोगों ने लगाया जाम

Fri, 22 Apr 2016 09:35 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में पानी की समस्या दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। बुधवार को सैनिक कॉलोनी के लोगों ने निगमायुक्त कार्यालय पर खाली बाल्टियां लेकर प्रदर्शन किया था। समस्या दूर नहीं हुई तो गुस्साए कॉलोनीवासी बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर आए। बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोगों ने सैनिक कॉलोनी रोड पर जाम लगा दिया। इसके चलते ट्रैफिक की रफ्तार थमी रही।
विज्ञापन


शहर में पानी की समस्या विकराल होने लगी है। मांग और आपूर्ति के बीच गहरा अंतर बना हुआ है। बताया जाता है कि पानी की मांग प्रतिदिन करीब 400 एमएलडी तक पहुंच गई है, लेकिन उपलब्धता 250 एमएलडी है। इसके अलावा अवैध बोरिंग से माफिया पानी का कारोबार चला रहे हैं। टैंकरों से शहर में ही नहीं बल्कि आसपास दिल्ली के इलाकों में भी पानी बेचा जा रहा है।

सैनिक कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों को निगमायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने आश्वासन देकर वापस भेजा था। बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर कॉलोनी में पानी की समस्या गहरा गई।
विज्ञापन


लोगों के मुताबिक न नहाने के लिए पानी था, पीने का इंतजाम भी बड़ी मुश्किल से किया। कॉलोनी के लोगों को बच्चों को स्कूल भेजने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी किल्लत के चलते कोई दफ्तर जाने में  लेट हो गया तो किसी को छुट्टी करनी पड़ी।

गुस्साए लोग कॉलोनी में एकत्रित हो पैदल मार्च करते हुए गेट नंबर दो पर पहुंचे और सैनिक कॉलोनी रोड पर धरना देकर बैठ गए। इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और बड़ी मुश्किल से जाम खुलवाया।

इस बीच करीब आधे से पौने घंटे तक वाहन रेंगते रहे। इसके बाद परेशान लोग सोसायटी के चेयरमैन और निदेशक से मिलने पहुंचे। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कॉलोनी के लोगों ने एक बार फिर नगर निगम का रुख किया और चीफ इंजीनियर से मुलाकात की। 

गांधी कॉलोनी के लोगों ने भी की नारेबाजी 
पिछले एक सप्ताह से पानी की समस्या से जूझ रहे गांधी कॉलोनी के लोगों ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने निगम अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गांधी कॉलोनी में पीने के पानी की सप्लाई नहीं आ रही है।

इस संबंध में कई बार निगम के अधिकारियों को सूचित किया गया फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।  प्रदर्शन में शामिल ममता ने बताया कि पानी के कारण घर के काम भी नहीं हो पा रहे हैं।  पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।  
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें