हत्याकांड के बाद उटावड़ गांव में मृतकों को सुपर्द ए खाक के लिए जमा लोग
- फोटो : अमर उजाला
बहीन थाना क्षेत्र के उटावड़ में चौहरे हत्या कांड में मारे गए चारों लोगों को बृहस्पतिवार को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। सुपुर्द ए खाक होने तक पुलिस व गुप्तचर विभाग के हाथ पांव फूले रहे। पुलिस व गुप्तचर विभाग को शक था कि उटावड चौराहे पर लोग जाम लगा सकते हैं।
गुप्तचर विभाग की सूचना पर शव ले जा रहे वाहनों को उटावड मोड़ की बजाए, खिल्लुका-गुराकसर रोड़ पर से गुजारा गया। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बुधवार को हरियाणा पुलिस के निलंबित एएसआई याहया ने अपने साथियों के साथ दीन मोहम्मद, रजाक पुत्र दीनू, वसीम पुत्र अब्दुल खान व हामिद की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। बृहस्पतिवार को चारों शवों का पलवल के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम डॉक्टरों का तीन सदस्यीय बोर्ड का गठन कर करवाया गया था, और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई गई थी। वहीं शवों को सुपुर्दे खाक करने के समय तक पुलिस ने अपने सूत्रों को सक्रिय रखा। नमाज अदा करने के स्थान से लेकर कब्रिस्तान तक सभी जगह सादी वर्दी में पुलिस तैनात थी।