खुर्जा (यूपी) जा रही एक बुजुर्ग महिला को कार सवार लोगों ने लिफ्ट देकर उससे आभूषण व 5100 रुपये ठग लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद ठग महिला को सीकरी गांव के पास उतार कर फरार हो गए। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को को जानकारी दी। सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
संजय कॉलोनी में रहने वाली मीना ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को उसे अपने रिश्तेदारी में खुर्जा जाना था। वह संजय कॉलोनी से बल्लभगढ़ तक ऑटो से आ गई। बस अड्डे पर आकर बस का इंतजार करने लगी। इस बीच उसके पास दो युवक आए और बातचीत करने लगे। थोड़ी देर में ही एक कार आई और उसका चालक खुर्जा की सवारियों को आवाज लगाने लगा।
दोनों युवकों ने महिला को कार में बैठा दिया और खुद भी सवार हो गए। थोड़ी दूरी पर जाने पर कार चालक ने कहा कि जिसके पास भी जो सामान है वो निकालकर एक लिफाफे में रख दे, क्योंकि कार बैंक ड्यूटी पर है कभी भी चेकिंग हो सकती है। दोनों युवकों ने अपना-अपना वॉलेट लिफाफे में रख दिया और महिला को भी कानों के कुंडल, सोने की चेन व पर्स में रखे 4100 रुपये लिफाफे में रखवा दिए।
सीकरी गांव के पास ठगों ने कार रोकी और चेकिंग का डर दिखाकर महिला को नीचे उतार दिया। महिला के कार से नीचे उतरने के बाद बदमाश कार को लेकर फरार हो गए। महिला जैसे तैसे अपने घर पहुंची और इस घटना के बारे में बताया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। एसएचओ जयप्रकाश यादव ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। कार का नंबर भी महिला ने दिया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।