भारतीय मानक ब्यूरो की फरीदाबाद शाखा ने एलपीजी गैस स्टोव पर नकली आईएसआई मुहर लगाकर बेचने वाली एनआईटी स्थित फर्म पर छापा मारा। छापे में आईएसआई मार्क का दुरुपयोग होने का मामला सामने आया। विभागीय अधिकारियों ने फर्म के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ब्यूरो के प्रमुख सुनील कुमार ने बताया कि सूचना पर टीम ने एनआईटी पुलिस के सहयोग से आईएसआई मुहर के दुरुपयोग करने के आरोप में फर्म मै. सुप्रीम इंटरप्राइजेज के परिसर पर छापा मारा। फर्म के मालिक रमेश अरोड़ा हैं। छापेमारी में ब्यूरो के अधिकारी पीके गुप्ता, तपन कुमार हलदार, जयपाल सिंह आदि शामिल थे।
उन्होंने बताया कि छापे के दौरान एलपीजी स्टोव की पैकिंग में लाए जाने वाले डिब्बे पाये गये। लगभग 20 ऐसे पैकिंग के डिब्बे मिले, जिनमें कुछ पर आईएसआई मार्क हटाने की कोशिश की गई थी। उनका कहना है कि ऐसा लगता है कि फर्म आईएसआई मार्क का दुरुपयोग कर ग्राहकों को गुमराह कर रही थी।
इस फर्म और मालिक के विरुद्ध भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम 1986 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो के वैज्ञानिक एके पोपली ने आमजन से अपील की है कि वह ऐसी फर्म और दुकानों के बारे मे सूचनाएं विभाग को दें, जो आईएसआई मार्क का दुरुपयोग कर रही हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।