परिवार को कार से बाहर निकाल कर बदमाशों ने किया हमला
- फोटो : demo pic
लूट के इरादे से दिल्ली सूरजकुंड रोड से तड़के गुजर रही एक कार पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इसमें बैठे एक ही परिवार के सदस्य बुरी तरह घायल हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने पुरुष सदस्यों पर रॉड और बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला कर दिया।
महिला के चीखने चिल्लाने पर बदमाश भाग निकले। सूरजकुंड थाने की पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच करने में जुटी है। ग्रीनफील्ड कॉलोनी में रहने वाले सुखबीर नौ मई की रात एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के साथ दिल्ली गए थे।
देर रात कार्यक्रम संपन्न होने पर वह वापस लौट रहे थे। दिल्ली-सूरजकुंड रोड पर तड़के चार बजे उनकी कार आनंदवन के पास मोहन डेरा के सामने झुग्गियों के पास पहुंची थी कि पीछे से एक बोलेरो कार में सवार पांच छह बदमाश रॉड और बेसबॉल बैट लेकर आए। बदमाशों ने उनकी कार के शीशे तोड़ डाले और उन्हें रुकने को मजबूर किया।
रुकते ही बदमाशों ने सबको बाहर निकाला और सुखबीर से कार की चाभी मांगी। उन्होंने देने से इनकार किया तो बैट से सिर और हाथ पर वार कर दिया,सिर पर गंभीर चोट आने पर सुखबीर बेहोश होकर गिर पड़े।इस पर पत्नी अपराजिता और साला बलकरन चिल्लाते हुए उन्हें बचाने आगे बढ़े तो बदमाशों ने बलकरन को भी पीट दिया।
शोर सुनकर झुग्गियों के कुछ लोग आगे बढ़े, यह देखकर बदमाश अपनी कार में बैठकर दिल्ली की ओर भाग निकले। एसएचओ सूरजकुंड राजेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।