बालिका वधु बनने से बची किशोरी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसेलवा कॉलोनी में एक नाबालिग की शादी कराए जाने की सूचना पर पहुंची बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस की मदद से शादी को रुकवा दिया। किशोरी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसके मामा को हिदायत दी गई कि जब तक किशोरी बालिग नहीं हो जाती वह उसकी शादी नहीं करेंगे, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाल संरक्षण अधिकारी हेमा कौशिक ने बताया कि चाइल्ड हेल्प लाइन से उन्हें सूचना मिली कि बसेलवा कॉलोनी में एक किशोरी कर शादी करवाई जा रही है। सूचना पर मिलने पर उन्होंने ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को सूचित किया। शुक्रवार दोपहर को बाल संरक्षण अधिकारी और थाना ओल्ड पुलिस लड़की के घर पहुंची। वहां लड़की के दस्तावेज चेक किए गए, जिसके अनुसार वह नाबालिग थी। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि किशोरी की मां की मौत हो चुकी है तथा पिता शराब पीता रहता है। ऐसे में किशोरी की सारी जिम्मेदारी उसके मामा के पास थी और वह ही उसकी शादी करवा रहे थे। बारात आई हुई थी। पुलिस ने किशोरी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे उसकी मौसी के हवाले कर दिया गया। साथ ही किशोरी के मामा को आदेश दिया गया कि जब तक वह बालिग न हो जाए, वह उसकी शादी नहीं कर सकते हैं।