गोद भराई से एक दिन पहले युवती ने लगाई फांसी
फरीदाबाद। थाना सारन क्षेत्र के अंतर्गत डबुआ कॉलोनी में रिश्ता तय होने के बाद गोद भराई की रस्म से एक दिन पहले शनिवार को युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें उसने केवल इतना लिखा है कि वह अपनी मर्जी से जान दे रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
डबुआ कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय नीशू का रिश्ता तय हो गया था। रविवार को उसकी गोद भराई की रस्म थी। परिवार में खुशियां मनाई जा रहीं थी और गोद भराई की तैयारियां चल रहीं थी। इस दौरान नीशू अपने कमरे में थी। जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन उसके कमरे में पहुंचे। कमरे का दरवाजा जैसे ही खोला तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। नीशु ने अपने कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा डालकर फांसी लगा रखी थी। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।