सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत दयालबाग स्थित एक कंपनी की संपदा प्रबंधक के घर का ताला तोड़ करीब 15 लाख रुपये के जेवर व 1.10 लाख नकद चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात आसपड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हथियार लिए बदमाशों ने पहले मकान का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, मगर जब वह नहीं टूटा तो पीछे लगी ग्रिल का शीशा खोलकर अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दयालबाग निवासी अमिता सेठी ने बताया कि वह एक निवेश कंपनी में संपदा प्रबंधक हैं। गत 30 नवंबर को वह अपने ऑफिस के काम से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा शहर गईं थीं। सोमवार तीन दिसंबर को सुबह करीब छह बजे उनकी मां सरला सेठी ने फोन कर बताया कि मकान के पिछले हिस्से की खिड़की की ग्रिल टूटी पड़ी है और उन्हें चोरी की आशंका है। इस पर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस के आने के बाद ही घर का दरवाजा खोला गया। अमिता सेठी के अनुसार उनके भाई की सगाई होने वाली है। इसके कारण घर में जेवर रखे हुए थे। चोर उनके घर से सोने का एक सेट, छह कंगन, सोने की दो चूड़ियां, चार जोड़ी सोने के टॉप्स, करीब ढाई किलो चांदी के बिस्कुट के अलावा 1.10 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। थाना सूरजकुंड पुलिस ने अमिता सेठी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
दो जगहों पर चोरी
अमिता सेठी ने बताया गत 22 नवंबर को उनके पड़ोस के एक मकान में चोरी हुई थी। उस घटना में शामिल बदमाशों ने ही उनके घर में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। दोनों वारदात में शामिल आरोपियों की फोटो सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पांच-छह हथियारबंद बदमाशों ने ही दोनों वारदात को अंजाम दिया है। मगर पुलिस अभी तक उनका सुराग नहीं लगा पाई है। अमिता सेठी के अनुसार चोर करीब 3.15 बजे घर में दाखिल हुए और तड़के 5 बजे तक घर में रहे।