लखनऊ और यूपी ऑल के ध्यानार्थ
चोरी-झपटमारी के तीन आरोपी काबू, चार वारदात सुलझीं
आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं कई मामले
लखनऊ से चुराए गहनों को गिरवी रखकर लोन लिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 ने झपटमारी व घरों में चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के गहने, नकदी व एक कट्टा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। एक वारदात में आरोपियों ने चोरी के जेवर यहां मणप्पुरम गोल्ड में गिरवी रखकर लोन ले रखा है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने एक सूचना के आधार पर डूडा कॉलोनी (लखनऊ) निवासी अमन, सूरज व बल्लभगढ़ निवासी विनय को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना एनआईटी, कोतवाली व सेक्टर-55 में झपटमारी व चोरी की एक वारदात करना कबूल की है। क्राइम ब्रांच प्रभारी के अनुसार, अमन व सूरज के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। थाना कृष्णा नगर (लखनऊ) में दर्ज चोरी के एक मामले में आरोपियों ने चोरी के जेवर मणप्पुरम गोल्ड फरीदाबाद में गिरवी रखवाकर एक लाख रुपये से अधिक का लोन ले लिया।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, सोने का हार, कान की झुमकी, एक माथा टीका, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, चांदी की तगड़ी, एक घड़ी, सोने की चेन व चार हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व एक कट्टा भी बरामद किया है।