सस्ते में सोने का बिस्कुट बेचने का झांसा देने वाले दो बदमाश काबू
फरीदाबाद। जमीन में खुदाई के दौरान सोने के बिस्कुट मिलने की बात कह चंडीगढ़ के एक व्यक्ति को ठगने के लिए आए टटलू गिरोह के दो बदमाशों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से सोने के दो नकली बिस्कुट, दो मोबाइल फोन व 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
इंडस्ट्रियल एरिया, चंडीगढ़ निवासी नीरज बाली ने 6 सितंबर को शहर बल्लभगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया था कि उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हें बताया कि उन्हें खेत में खुदाई के दौरान सोने के बिस्कुट मिले हैं। वे उन्हें सस्ते में बेच रहे हैं। यदि वह उसे खरीदना चाहें तो बल्लभगढ़ आ जाओ। आरोपियों ने उन्हें बल्लभगढ़ बुलाकर सोने का कुछ बुरादा दिया और उसे सुनार से चेक करवाने को कहा। चेक करवाने पर वह सोना सही निकला। इस पर उन्होंने सोने के दो बिस्कुट बेचने के लिए उनसे 50 हजार रुपये की मांग की। मगर नीरज बाली को कुछ शक हो गया। इस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। टटलू गिरोह के बारे में पता चलते ही क्राइम ब्रांच ने बल्लभगढ़ बस अड्डे पर अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही आरोपियों ने नीरज बाली से पैसे लेकर सोने के नकली बिस्कुट थमाए, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम हसनपुर, पलवल निवासी दिलशाद और जुंहेड़ा खुर्द कामा, राजस्थान निवासी शाकिर बताया। पुलिस ने उनसे 50 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।