बच्चों को स्कूल से लेकर आ रही बुजुर्ग महिला को कार ने टक्कर मारी, मौत
- दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हुआ, पुलिस तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पोते-पोतियों को स्कूल से लेकर आ रही एक बुजुर्ग महिला को राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। महिला को गंभीर हालत में बीके अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। थाना सेंट्रल पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
संत नगर निवासी बिरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को स्कूल से छुट्टी होने पर उसकी मां 68 वर्षीय सुभावती उन्हें सेक्टर-16 स्थित स्कूल से लेने के लिए गई थी। इस दौरान बिरेंद्र सिंह भी बच्चों को स्कूल से लेने के लिए निकला था। बिरेंद्र के अनुसार उसने देखा कि राजमार्ग पर मेट्रो स्टेशन के पास सामने से उसकी मां बच्चों को लेकर आ रही है तो वह वहीं रुक गया। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने महिला को जोरदार टक्कर मारी। महिला सड़क पर गिर गई और उन्हें गंभीर चोटें आई थी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। महिला के साथ मौजूद बच्चे सड़क किनारे हो गए और बच गए। परिजन महिला को लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। मगर रास्ते में महिला की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें वापस ले आए और ईएसआई अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
----------
अमित भाटिया