वाहन चोरी गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने वाहन चोर गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की सात वारदात सुलझाने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे वाहन चोरी कर उन्हें मायापुरी, दिल्ली ले जाकर कटवा देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से तीन को जेल भेज दिया गया, जबकि दो को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने एक सूचना के आधार पर अर्थला कॉलोनी, गाजियाबाद निवासी सलीम उर्फ रज्जाक, संभल, उत्तर प्रदेश निवासी साहगुल उर्फ लंबा, शमीम उर्फ मुल्ला, कृष्णा पार्क, दिल्ली निवासी पप्पी उर्फ हरभजन और सुभाष नगर, दिल्ली निवासी बंटी उर्फ गुरमीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सेक्टर-31 और डबुआ थाना क्षेत्र से दो-दो, सेक्टर-सात, पल्ला और मुजेसर थाना क्षेत्र से एक-एक वाहन चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक महेंद्रा ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर ट्राली, दो मोटरसाइकिल, एक सेंट्रो कार व 1,29,000 रुपये बरामद किए हैं।
आरोपियों ने बताया कि वे रेकी करने के बाद शहर से वाहन चोरी करते थे और उन्हें मायापुरी, दिल्ली ले जाकर कटवा देते थे। इससे पहले उन्होंने तीन कैंटर भी ले जाकर कटवा दिए थे। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से साहगुल, रज्जाक व शमीम को जेल भेज दिया गया, जबकि पप्पी उर्फ हरभजन व बंटी उर्फ गुरमीत अदालत ने तीन दिन के रिमांड पर सौंपा है। साहगुल, रज्जाक व शमीम पहले भी चोरी के आरोप में पकड़े जा चुके हैं, जबकि पप्पी और बंटी कबाड़ी हैं। उन्हें मायापुरी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इन दोनों से पूछताछ करने में जुटी है।