अंतरराज्यीय हथियार तस्कर पकड़ा
फरीदाबाद। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने समता एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे शामली के हथियार तस्कर शोएब अली को नौ पिस्टल और 18 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया। तस्कर का चाचा चकमा देकर फरार हो गया। शोएब ने बताया कि वह इंदौर से पिस्टल खरीद कर शामली में एक व्यक्ति को बेचता है। जीआरपी अब आरोपी के चाचा और शामली में हथियार लेने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
जीआरपी थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर स्टेशन और ट्रेनों की चौकसी बढ़ा दी गई है। रविवार शाम एएसआई सोहनपाल, सुभाष, राकेश त्यागी, रविंद्र सिंह, सतपाल सिंह और हवलदार गजराज के साथ स्टेशन पर गश्त की जा रही थी। संदिग्ध लगने वाले व्यक्तियों के सामान की तलाशी भी पुलिस ले रही थी। दिल्ली की ओर जाने वाली समता एक्सप्रेस शाम 6:30 बजे आकर प्लेटफार्म नंबर 2 पर रुकी। इसकी जनरल बोगी से एक युवक पिट्ठू बैग लेकर उतरा, जीआरपी को देख कर हड़बड़ाता हुए फिर बोगी में चढ़ने लगा। शक होने पर जीआरपी ने उसे रोक लिया और बैग की तलाशी ली। बैग में नौ पिस्टल और 18 मैगजीन बरामद हुईं, उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। युवक ने अपना नाम शोएब अली निवासी गांव तीतरवाड़ा, शामली बताया। उसने बताया कि वह शामली में रहने वाले एक परिचित व्यक्ति के लिए पिस्टल लाने का काम काम करता है।
15 हजार में खरीदकर दोगुने में बेचता था
चाचा आरिफ के साथ इंदौर में एक सुनसान जगह से 15 हजार रुपये की दर से पिस्टल खरीद कर ला रहा था। जीआरपी ने तुरंत बोगी में आरिफ की तलाश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शोएब ने बताया कि शामली में वह व्यक्ति एक पिस्टल 25 से 30 हजार रुपये में बेचता है, इसमें उसे भी कमीशन मिलता है। सोमवार को जीआरपी ने शोएब को डा. अशोक कुमार की अदालत में पेश कर पांच दिन के लिए रिमांड पर लिया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि आरोपी को शामली और इंदौर लेकर जाएंगे ताकि पिस्टल बेचने वाले और खरीदने वाले को पकड़ा जाए।