महिला को पीटा, नकदी-सामान छीना
फरीदाबाद। विवादित दुकान के दो खरीदार शुक्रवार शाम आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने दुकान की कब्जेदार महिला को पीटा और उसका सामान उठा ले गए। महिला ने दूसरे पक्ष पर अश्लील हरकत करने, सामान और नकदी छीन कर ले जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस मामलेे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मुजेसर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने करीब डेढ़ साल पहले एक युवती को शपथपत्र पर दुकान बेची थी। यह युवती इस दुकान की कब्जेदार है। उस महिला ने यही दुकान किसी अन्य व्यक्ति को भी बेची थी। युवती और दुकान के दूसरे मालिक के बीच कब्जेदारी का विवाद चल रहा था। वह युवक अमर नाम केे व्यक्ति को अपनी दुकान बेच कर चला गया। अब दुकान के मालिकाना हक की लड़ाई अमर और इस युवती के बीच चल रही है।
युवती ने थाने में अमर उसके घर की चार महिलाओं सहित दस पंद्रह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि शुक्रवार शाम को यह लोग पहुंचे और उससे मारपीट करते हुए दुकान खाली करने का दबाव बनाया। इस दौरान कुछ युवकों ने उससे छेड़खानी और मारपीट की। हमलावर दुकान से 30 हजार रुपये और सामान भी निकाल ले गए। मुजेसर थाने के एएसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।