बिजनेस पार्टनर की प्रताड़नाओं से तंग महिला आर्किटेक्ट ने फांसी लगाई
फरीदाबाद। पार्टनर व उसके भाइयों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला आर्किटेक्ट ने सैनिक कॉलोनी स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से चार पेज का सुसाइड नोट बरामद किया। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर गुरुग्राम निवासी महिला के पार्टनर और उसके तीन भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
सैनिक कॉलोनी निवासी उपेंद्र की पत्नी रूबी आर्किटेक्ट थीं और सुशांतलोक, सेक्टर-57 गुरुग्राम निवासी के साथ मिलकर काम कर रहीं थीं। पुलिस को दी शिकायत में लखनऊ, उत्तर प्रदेश निवासी प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी बहन रूबी की शादी 18 मई 2013 को अरावली विहार सैनिक कॉलोनी निवासी उपेंद्र सिंह के साथ हुई थी। रूबी पिछले करीब ढाई साल से रवि कांत राय के साथ कंपनी चला रही थीं। मृतका के भाई ने पुलिस को दिए बयानों में कहा कि 5 फरवरी को उसकी बहन ने फोन पर बताया था कि उसके पार्टनर ने उसके साथ गलत हरकत की है। विरोध करने पर पार्टनर रवि ने उसके साथ मारपीट की। इस बारे में रूबी ने रवि के भाई शशी, सुबोध व मनोज से भी शिकायत की, मगर उन्होंने भी उल्टे उसे ही धमकाया। इसके परेशान होकर उसकी बहन पिछले कुछ दिन से ऑफिस भी नहीं जा रही थी। पार्टनर की इसी हरकत से परेशान होकर रूबी ने 8 फरवरी शाम को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उस समय उसके पति घर पर मौजूद नहीं थे।
सूचना मिलने पर सैनिक कॉलोनी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान उन्हें वहां महिला के कपड़ों में से सुसाइड नोट भी मिला। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम बुलाई गई। डबुआ कॉलोनी थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।