सरपंच के परिवार पर हमला करने में दो नामजद
फरीदाबाद। गांव पाखल में रविवार रात को सरपंच के घर में घुसकर हमला करने के मामले में धौज थाना पुलिस ने दो नामजद सहित सात-आठ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बलवा, मारपीट सहित अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट की धारा भी लगाई हैं।
होशियार सिंह ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर गांव में अवैध कब्जों को हटवाया था। इससे गांव के कुछ लोग खफा थे। उन्होंने सरपंच को भी बुरा-भला कहा था। रविवार को नितिन, बिट्टू के अलावा सात-आठ अन्य लोगों ने सरपंच के घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में गांव की सरपंच वर्णिका के जेठ बिशन व देवर होशियार को बुरी तरह पीटा गया। उनके हाथ पैर तोड़ डाले। बिशन को मेट्रो अस्पताल में आइसीयू में भर्ती कराया गया, वहीं होशियार को भी काफी चोट आई। धौज थाना प्रभारी का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।