नेकपुर पानी विवाद मामला : गोलीकांड के मुख्य आरोपी व पुत्र गिरफ्तार
फरीदाबाद। गांव नेकपुर से पाइपलाइन बिछा पाली तक पानी लाने के मामले में विवाद को लेकर नेकपुर की पंचायत में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के मुख्य आरोपी बिजेंद्र और उसके बेटे प्रवीण को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने आरोपी हंडला ग्रामीणों में अपनी दहशत फैलाना चाहता था। इस कारण उन्होंने पंचायत में गोलियां बरसाई थी।
गांव नेकपुर की पंचायत में गोलियां बरसाने और उसके बाद नेकपुर के ग्रामीणों को मिल रही जान से मारने की धमकियों के बाद मामला काफी तूल पकड़ गया था। ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार व एसीसी राधेश्याम से मुलाकात कर गांव में सुरक्षा देने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस पर आरोप लग रहे थे कि राजनीतिक दबाव में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस पर पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को सौंप दी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने घटना के मुख्य आरोपी बिजेंद्र व उसके बेटे प्रवीण को धर दबोचा। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
साथियों को मौके पर बुलाया था
डीसीपी क्राइम लोकेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बिजेंद्र ने बताया कि गांव नेकपुर से पाली अपने घर तक पाइप लाइन बिछाने का नेकपुर के ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके लिए दो दिसंबर को गांव नेकपुर में हो रही पंचायत के दौरान कहासुनी होने पर झगड़ा बढ़ गया। इस पर बिजेंद्र ने गांव नंगला निवासी हंडला व रवि को मौके पर बुला लिया। दोनों अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और इन्होंने बिजेंद्र के साथ मिलकर पंचायत पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस गोलीकांड में सात लोग घायल हो गए थे।
हंडला के खिलाफ पहले भी दर्ज हुए हैं मामले
डीसीपी ने बताया कि फरार आरोपी हंडला के खिलाफ पहले भी झगड़े, मारपीट, रंगदारी मांगने के मामले दर्ज हैं। हंडला ग्रामीणों में अपना भय पैदा करना चाहता था। इसलिए वह बिजेंद्र के बुलाने पर तुरंत ही मौके पर पहुंच गया और बिजेंद्र के साथ मिलकर गोलियां बरसानी शुरू कर दी थी। पुलिस हंडला, रवि व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। डीसीपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।