सौ रुपये का नोट लेकर आपकी आंखों के सामने शरीर और कपड़ों से नोटों की झड़ी लगाने का चमत्कार दिखा कर ठगी करने वाले ने औद्योगिक नगरी में दस्तक दी है। सेक्टर-12 में रहने वाले एक कारोबारी को उसने पहला शिकार बनाया है। 25 करोड़ रुपये बनाने के नाम पर कारोबारी से 12 लाख रुपये ठग फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ठग की तलाश में जुट गई है।
डीसीपी क्राइम कार्यालय सूत्रों के अनुसार, सेक्टर-12 में रहने वाले कारोबारी पुलिस को शिकायत देकर बताया है कि कुछ दिन पूर्व उसे एक व्यक्ति मिला। उसने बताया कि वह नोटों को कई गुना बढ़ा सकता है। युवक ने कारोबारी से सौ रुपये का नोट लिया और उसके बाद एक काले रंग की चादर ओढ़ ली। चादर हटाते ही उसके शरीर से पचास रुपये के नए नोट झड़ने लगे, यहां तक कि उसने हथेलियों से भी नोटों की झड़ी लगा दी। युवक ने बताया कि नोट बढ़ाने के लिए हिरन का अभिमंत्रित तेल इस्तेमाल करता है। लालच में आए कारोबारी ने रुपये बढ़ाने को कहा। सौदा 12 लाख रुपयों को 25 करोड़ रुपये में तब्दील करने पर तय हुआ।
कारोबारी ने एक निश्चित दिन बारह लाख रुपये देने का वादा किया। एक दिन बाद चार लाख रुपये लेकर युवक से मिला तो उसने बताया कि देरी होने के कारण हिरन का अभिमंत्रित तेल बेकार हो गया है। नया तेल लाकर अभिमंत्रित करना होगा। इस तरह झांसा देकर युवक ने कारोबारी से 12 लाख रुपये हड़प लिए। हिरन का अभिमंत्रित तेल लेकर आने की बात कह फरार हो गया। नाम न छापने के अनुरोध पर क्राइम ब्रांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि शरीर से रुपये निकालने वाले ठग को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।