शेरगढ़ (उत्तर प्रदेश) के ध्यानार्थ
ब्रह्मजीत हत्याकांड
राजीव के ताऊ और मुंशी पर हमला करने आए 4 शूटर धरे
पुलिस ने तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए
ब्रह्मजीत के छोटे बेटे के कहने पर आए थे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ब्रह्मजीत हत्याकांड के आरोपी राजीव उर्फ राजू भाटी के मामले की पैरवी कर रहे उसके ताऊ व मुंशी पर हमला करने के लिए आए चार शूटर पुलिस की क्राइम ब्रांच डीएलएफ के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन तमंचे व कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ब्रह्मजीत के छोटे बेटे गौरव ने उन्हें राजीव के ताऊ और मुंशी के पैर में गोली मारने के लिए कहा था। इसके लिए उसने 50 लाख रुपये तक खर्च करने की बात कही थी। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को वे बाईपास रोड पर कांवड़ ड्यूटी पर थे। इस दौरान उनको सूचना मिली कि वजीरपुर रोड पर तीन-चार युवक हथियारों के साथ घूम रहे हैं। इस सूचना पर उन्होंने वहां चेकिंग करनी शुरू की, तो वजीरपुर रोड पर नए पुल के पास से दो युवक शक्ति व सेक्टर-तीन निवासी शरीफ उर्फ सरफा को एक तमंचे व तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान इन्होंने बताया कि इनके दो साथियों में से एक ओल्ड फरीदाबाद निवासी विजय ओल्ड फरीदाबाद चुंगी तथा दूसरा सेक्टर-तीन निवासी आमिर बंगाल शूटिंग सेक्टर-31 की तरफ गए हैं। पुलिस टीमों ने उन्हें भी धर दबोचा और उनके पास से एक-एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह हथियार ब्रह्मजीत के छोटे बेटे गौरव के कहने पर शेरगढ़ (उत्तर प्रदेश) से खरीदे हैं। गौरव ने उन्हें कहा कि उसे अपने पिता की मौत का बदला लेना है। ब्रह्मजीत हत्याकांड के आरोपी राजीव भाटी का ताऊ और मुंशी मामले की पैरवी कर रहे हैं। ऐसे में वे उनके पैरों में गोली मारकर सबक सिखा दें, ताकि वे केस से पीछे हट जाएं। क्राइम ब्रांच प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विजय ने बताया कि इसके लिए गौरव ने 50 लाख रुपये खर्च करने की बात कही थी।
पहले भी कई मामले दर्ज हैं आरोपियों के खिलाफ
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी शहर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में उन्होंने सेक्टर-तीन में एक झगड़े के दौरान फायरिंग की थी। इसके अलावा सेक्टर-11 चौकी, ओल्ड फरीदाबाद थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया गिरफ्तार आरोपी शक्ति, ब्रह्मजीत का चेला है और उसके प्लॉट पर ही रहता था। शेरगढ़ से शक्ति ही हथियार खरीदकर लाया था। शक्ति ने ही अपने दोस्त विजय व उसके दो दोस्तों शरीफ व आमिर को इस काम के लिए तैयार किया था।