खुद को महिला के बेटे का दोस्त बताकर जेवर उतरवाए
सेक्टर-16 में वारदात, स्कूटी सवार ठग सोने के कड़े व कुंडल लेकर हुआ फरार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कुछ दिन शांत रहने के बाद स्कूटी वाला ठग फिर सक्रिय हो गया है। सेक्टर-16 में सुबह घर के बाहर सैर कर रही एक महिला से स्कूटी वाले ठग ने सोने के कड़े व कुंडल उतरवा लिए और लेकर फरार हो गया। आरोपी ने महिला को बताया कि वह उनके बेटे का दोस्त है और उसने उन्हें लेने भेजा है। महिला की शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-16 निवासी ज्ञान देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह 6 बजे रोजाना की तरह घर के पास ही पार्क के बाहर सड़क पर सैर कर रही थी। जब वह भूमिया मंदिर वाली गली की तरफ जाने लगी तो नीले रंग की स्कूटी पर एक युवक आया। उसने हेलमेट पहन रखा था, जिस पर काले रंग का शीशा लगा हुआ था। हेलमेट व उस पर काला शीशा लगा होने के कारण महिला उसका चेहरा नहीं देख सकी। युवक ने आते ही महिला को राम-राम किया, पैर छुए और कहा कि वह उनके बेटे राजू का दोस्त है और राजू ने उसे उन्हें लेने के लिए भेजा है। बेटे का दोस्त होने की बात मानकर महिला उस युवक के साथ स्कूटी पर बैठ गई। महिला के अनुसार युवक काफी देर तक उन्हें यहां वहां घुमाता रहा और फिर एक स्थान पर ले जाकर बोला कि वह अपने हाथ के कड़े और कानों के कुंडल उतारकर उन्हें दे दे।
वह सुनार को दिखाकर इसी डिजाइन के कड़े व कुंडल बनवाएगा। साथ ही उसने महिला से कहा कि वह यहीं रुके, वह राजू को लेकर आ रहा है। इसके बाद युवक महिला को छाया में बैठाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। जब काफी इंतजार के बाद भी युवक वापस नहीं आया तो महिला अपने घर पहुंची और अपने बेटे को सारी बात बताई। महिला के बेटे ने किसी को भी भेजने की बात से इंकार किया। इस पर महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।