फ्रैक्चर गैंग के बाद अब हथौड़ा गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
फरीदाबाद। फ्रैक्चर गैंग के बाद अब पुलिस ने हथौड़ा गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले साल नवंबर में फाइनेंसर दिनेश पंडित पर एक गेस्ट हाउस में हथौड़े से हमला कर हाथ पैर तोड़ दिए थे। पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने में जुटी है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने मंगलवार को फ्रैक्चर गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। आरोपी रंजिशन अथवा लूटपाट के इरादे से लोगों को लोहे के पाइपों से पीटते थे और दहशत फैलाने के लिए उसका वीडियो बनाकर वायरल कर देते थे। इसी तरह के एक अन्य गिरोह को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार ने बताया कि नवंबर 2018 में सेक्टर-21 स्थित एक गेस्ट हाउस में फाइनेंसर दिनेश पंडित पर हमला करने के आरोप में पलवल निवासी शिवराम, मच्छगर निवासी मनोज और बल्लभगढ़ निवासी ईश्वर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने दिनेश पंडित को हथौड़ों से बुरी तरह पीट-पीट कर उसके हाथ व पैर तोड़ दिए थे। पुलिस ने उनसे एक हथौड़ा, एक लोहे का पाइप और सरिया बरामद किया है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने में जुटी है।