जोहड़ से मिला नग्न हालत में युवक का शव, हत्या की आशंका
- शरीर पर हैं चोट के निशान, पुलिस पहचान करने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। पुलिस ने गांव दयालपुर और बहबलपुर के बीच एक जोहड़ से 25 वर्षीय युवक का नग्न हालत में शव बरामद किया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को जोहड़ में फेंका गया है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
गांव दयालपुर और बहबलपुर के बीच खेतों में बने जोहड़ में बृहस्पतिवार को एक युवक शव देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर थाना सदर प्रभारी अशोक वर्मा अपनी टीम के साथ पर पहुंच गए। शव को जोहड़ से बाहर निकाल निकाला गया। मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था और चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान करवाने का प्रयास किया, मगर उसकी पहचान नहीं हो सकी। चोट के निशान देख कर लगता है कि किसी ने उसकी हत्या की है और हत्या करने के बाद शव को जोहड़ में फेंक दिया। पुलिस ने शव को पहचान के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।