अंतरराज्यीय भैंस चोर गिरोह के दो बदमाश काबू
- 11 भैंसें और एक कटड़ा बरामद, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का पर्याय बने अंतरराज्यीय भैंस चोर गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस की क्राइम ब्रांच सेंट्रल बीपीटीपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे भैंस चोरी के 11 मुकदमों को सुलझाते हुए, इनसे चोरी की 11 भैंस व एक कटड़ा बरामद किया है। पुलिस को आरोपियों के तीन साथियों की तलाश है।
क्राइम ब्रांच बीपीटीपी प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर उनकी टीम ने भैंस चोर गिरोह के बदमाश गांव धौज निवासी जाबिद उर्फ जबी और गांव बीजोपुर निवासी आमीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से थाना तिगांव, सदर बल्लभगढ़, छायंसा, सेक्टर-55, मुजेसर आदि क्षेत्रों में भैंस चोरी की घटनाओं को इन्होंने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था। पुलिस ने इन्हें रिमांड पर लेकर इनकी निशानदेही पर 11 भैंस व एक कटड़ा बरामद किया है। पुलिस ने इनसे दो देसी कट्टे व पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।
दिन में करते थे रेकी, रात को वारदात
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे दिन में गांवों में जाकर रेकी करते थे कि कहां पर लोगों ने घर के बाहर भैंस बांध रखी है। रेकी के बाद रात को कैंटर लेकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी भैंस को वाहन में चढ़ाने में एक्सपर्ट हैं और देखते ही देखते वे उसे टेंपो में चढ़ा देते थे। यदि कोई देख ले और विरोध करता है तो उस पर पथराव या फायर करने में भी आरोपी नहीं चूकते।
हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ फरीदाबाद के अलावा हरियाणा के मेवात, राजस्थान व दिल्ली में भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी आमीन राजस्थान में दर्ज एक मामले में भगौड़ा है। इसकी गिरफ्तारी की सूचना राजस्थान पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस इनके फरार तीन साथियों की तलाश में भी दबिश दे रही है। उनके खिलाफ भी पहले से कई मामले दर्ज हैं।