मोबाइल टावर लगवाने का झांसा दे एक लाख रुपये ठगे
फरीदाबाद। मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति से एक लाख रुपये से अधिक रुपये ठग लिए। जब आरोपी और 70 हजार रुपये की मांग करने लगे तो पीड़ित को शक हुआ और उसने मोबाइल कंपनी के ऑफिस में पता करवाया, जिस पर उसे ठगे जाने के बारे में पता चला। साइबर सेल से दो माह बाद पीड़ित की शिकायत मुजेसर थाने पहुंची, जिस पर मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य मार्केट, मुजेसर निवासी संजय कुमार ने डीसीपी क्राइम को दी शिकायत में बताया था कि 12 जून 2018 को उसके पास मनीष गुप्ता नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। मनीष ने खुद को एक नामचीन मोबाइल कंपनी से बताया और उनके घर की छत पर मोबाइल टावर लगवाने की बात कही। संजय कुमार उसकी बातों में आ गए। मनीष ने कहा कि पंजीकरण करवाने के लिए 14 हजार 500 रुपये जमा करवाने होंगे। संजय ने पहले 14,500 और उसके बाद अलग-अलग समय पर करीब एक लाख 2200 रुपये उनके खाते में जमा करवाए। इसके बाद भी जब आरोपी ने 70 हजार रुपये और देने को कहा तो संजय ने कहा कि उनकी टीम तो आज तक टावर लगाने या जांच करने नहीं आई। संजय को उस पर थोड़ा शक हुआ तो उसने मोबाइल कंपनी के ऑफिस में जाकर पता किया। वहां उसे बताया गया कि इस तरह टावर नहीं लगाए जाते हैं, किसी ने उनके साथ ठगी की है। इस पर संजय ने इसकी शिकायत पुलिस में दी, जिसे जांच के लिए साइबर सेल के पास भेज दिया। साइबर सेल से अब यह शिकायत मुजेसर थाने में पहुंची, जिस पर मामला दर्ज किया गया है।