6 बदमाशों ने शराब ठेके से 50 हजार रुपये लूटे
- छह बदमाशों ने सेल्समैन की कनपटी पर तमंचा लगा दिया वारदात को अंजाम
- एक अन्य घटना में शराब पिलाने से मना किया तो हथियार से किया वार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार रात को एसजीएम नगर स्थित एक शराब ठेके के सेल्समैन की कनपटी पर तमंचे लगा 50 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। बदमाशों की मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। थाना एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एक अन्य घटना में शराब पिलाने से मना करने पर कार सवार तीन बदमाशों ने एक युवक पर तमंचे की बट से वार किया और हवाई फायर कर फरार हो गए।
गांव औरंगाबाद निवासी कैलाश शर्मा का एसजीएम नगर जी ब्लॉक में शराब का ठेका है। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि बुधवार रात को ठेके पर दीपक और मोहरपाल नाम के दो सेल्समैन मौजूद थे। रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां आए। सभी ने अपना चेहरा ढक रखा था। मोटरसाइकिल से उतरकर सभी छह युवक सीधे ठेके के अंदर घुस गए। अंदर आते ही दो बदमाशों ने दोनों सेल्समैन की कनपटी पर देसी तमंचा लगा दिया, जबकि उनके साथियों ने गल्ले में रखा कैश उठा लिया और फरार हो गए। सेल्समैन ने आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर भी देखने का प्रयास किया, मगर उन पर कोई नंबर नहीं था। दोनों सेल्समैनों ने इसकी सूचना अपने मालिक और पुलिस को दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में लाल कुआं, दिल्ली निवासी पवन नागर ने सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज करवाया है कि बुधवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ कांत एन्क्लेव के पास आया था। इस दौरान एक कार में जयपाल, पप्पी व मोंटी नाम के युवक आए। तीनों को वह पहले से जानता था। पवन का आरोप है कि तीनों कार से उतरकर उनके पास आए और शराब मंगवाने के लिए कहने लगे। पवन ने उन्हें कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इस पर वे भड़क गए और उसे पीटने लगे। पवन के दोस्तों ने बीच बचाव किया तो पप्पी ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल ली और उसके बट से पवन के सिर पर वार किया। पिस्तौल देखकर तीनों डर गए। पप्पी ने हवाई फायर किया और वहां से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एक अन्य मामले में पन्हैड़ा खुर्द गांव के निकट मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को पिस्तौल के बल पर उसकी मोटरसाइकिल और 5500 रुपये लूट लिए। हसापुर गांव निवासी कृष्ण कुमार गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में कार्य करता है। बुधवार रात कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। कृष्ण कुमार का कहना है कि जब वह रात को करीब 11 बजे मच्छगर गांव के निकट पहुंचा तो उसे तीन युवकों ने रुकने का इशारा किया। मगर रात का समय होने के चलते उसने मोटरसाइकिल नहीं रोकी। इस पर तीनों युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पन्हैड़ा खुर्द गांव के निकट उन्होंने ओवरटेक अपनी मोटरसाइकिल उसके आगे लगा दिया और उन्हें रुकवा लिया। आरोप है कि मोटरसाइकिल रुकते ही बदमाशों ने उसे पिस्तौलनुमा हथियार दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली। इसके बाद उसकी जेब से पर्स निकाला और फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कृष्ण कुमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।