टाटा स्टील के वरिषठ प्रबंधक की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। वरिष्ठ प्रबंधक अरिंदम पाल की पत्नी मधुश्री ने बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद से आरोपी विश्वास पांडे उनके पति को जान से मारने की धमकी दे रहा था। वह दो माह स्टॉक यार्ड के बाहर पहुंचा था। उसके आने के बारे में पता चलने पर अरिंदम अपनी कार वहीं छोड़ पिछले गेट से निकल गए थे। इतना ही नहीं करीब एक माह पहले विश्वास ने पिस्तौल के साथ अपनी एक फोटो अरिंदम को व्हाट्सएप पर भेजी थी।
मेल पर भी जान से मारने की धमकी दी थी। थाना मुजेसर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच व थाने की चार टीमें बनाई गई हैं। वहीं, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन अरिंदम के शव को लेकर कोलकाता रवाना हो गए।
मूलरूप से कोलकाता के श्रीरामपुर निवासी अरिंदम यहां सैनिक कॉलोनी में पत्नी मधुश्री और तीन साल की बेटी के साथ रहते थे। पश्चिम बंगाल बिजली निगम से बतौर चीफ इंजीनियर सेवानिवृत्त अरिंदम के पिता हेमंत कुमार पाल ने बताया कि विश्वास पांडे को नौकरी से बर्खास्त किए जाने के बाद से वह लगातार अरिंदम को जान से मारने की धमकी दे रहा था। अरिंदम ने इस बारे में अपने आला अधिकारियों को सूचित कर दिया था। इसके बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की और इसकी कीमत उनके इकलौते बेटे को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
बंगाल इंजीनियरिंग कॉलेज शिबपुर से एमटेक अरिंदम ने जुलाई 2010 में फरीदाबाद स्थित टाटा स्टील में बतौर मैनेजर नौकरी शुरू की थी। 2010 में ही उनकी मधुश्री से शादी हुई थी। अरिंदम के पिता ने बताया कि इस घटना में कंपनी के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की घोर लापरवाही रही है।