ठीक से पढ़ाई न करने पर पानी के पाइप से छात्र को पीटा
फरीदाबाद। एनआईटी-पांच में एक निजी स्कूली की अध्यापिका के पास ट्यूशन पढ़ने वाले छठी कक्षा के छात्र को काम ठीक से नहीं करने पर ट्यूटर ने पानी भरने वाले पाइप से बुरी तरह पीटा। घर में रोते हुए पहुंचे छात्र ने परिजनों को सारी घटना बताई, जिस पर उन्होंने ट्यूटर की शिकायत एनआईटी थाने में की। पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी अध्यापिका को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत से महिला को जमानत मिल गई।
एनआईटी-पांच निवासी पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा छठी कक्षा का छात्र है। वह पांच नंबर में ही रहने वाली एक महिला टीचर रिया गुलाटी के पास ट्यूशन पढ़ने जाता है। वह भी एक निजी स्कूल की टीचर है। बृहस्पतिवार रात करीब 8.30 बजे उनके बेटे की ट्यूशन से छुट्टी हुई। छुट्टी होने पर जब वह ट्यूटर के घर से बाहर निकला तो वह रो रहा था। उन्होंने अपने बेटे से पूछा कि क्या हुआ, उस समय तो उसने कुछ नहीं बताया। घर पहुंचने पर बच्चे की मां ने देखा तो बेटे के मुंह पर चोट के निशान हैं। पूछने पर वह जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे ने अपने माता पिता को बताया कि काम ढंग से नहीं करने पर मैडम ने उसे पाइप से पीटा है। उसने अपने शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाए।
इस पर बच्चे के अभिभावक रात को ही एनआईटी थाने पहुंचे और शिकायत दी। थाना एनआईटी प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि रात को ही बच्चे का मेडिकल करवा मामला दर्ज कर महिला ट्यूटर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।