पुजारी ने मंदबुद्धि बच्चे से की अभद्रता
फरीदाबाद। बुआ के साथ मंदिर की संगत में गए 12 वर्ष के मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक को छोटी सी गलती करने पर पुजारी ने पीट कर बाहर निकाल दिया। बच्चे ने रोते हुए बुआ को सारी घटना बताई, सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुई घटना को देख कर परिजनों ने बवाल किया। सूचना पर पहुंची पुलिस पुजारी को चौकी ले गई।
एनआईटी तीन निवासी पंकज भाटिया का 12 वर्षीय बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पंकज के मुताबिक रविवार को एनआईटी तीन स्थित सुधांशू जी महाराज के मंदिर में संगत का कार्यक्रम था। बच्चा अपनी बुआ के साथ मंदिर गया था। बुआ बच्चे को संगत में बैठा कर मत्था टेकने के लिए मंदिर चली गईं, इस दौरान बच्चे ने संगत पर पानी फेंक दिया। बच्चे की हरकत से गुस्साए पुजारी ने उसे बुरी तरह पकड़ कर घसीटते हुए मंदिर के बाहर धकेल लिया। मंदिर से लौटने पर बुआ ने बच्चे को रोते हुए देखा तो कारण पूछा। मामला सामने आने पर बुआ ने मंदिर में ही रोना शुरू कर दिया और परिजनों को फोन कर बुला लिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक करने पर पुजारी की करतूत सामने आ गई। इस पर परिजनों ने पुलिस को बुला लिया और पुजारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। तीन नंबर चौकी इंचार्ज एसआई जाकिर हुसैन ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुजारी को चौकी पर बुलाकर पूछताछ की जा रही है, परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुजारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो