तीन घरों से लाखों की चोरी
फरीदाबाद। शहर में तीन अलग-अलग जगहों पर चोरों ने घर से लाखों का सामान पार कर दिया।
पीड़ित मकान मालिकों की शिकायत पर थानों की पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हैं।
सेक्टर 15 ए निवासी व्यवसायी भरत मेहंदीरत्ता शनिवार को कारोबार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी अपने काम से गए हुए थे। दोपहर किसी समय मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे चोर नकदी, आभूषण सहित अन्य कीमती सामान बटोर ले गए। भरत के अनुसार चोर करीब पांच लाख रुपये कीमत का सामान ले गए।
लकड़पुर के महतरू डेरा गुरुकुल रोड निवासी रमेश कुमार गौड़ बेटी की शादी करने ग्वालियर गए हुए थे। उनके जाने के बाद दरवाजे का ताला तोड़ कर घर में घुसे और 4500 रुपये नकदी केे अलावा गहने, इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि उठा ले गए। संजय कॉलोनी निवासी नवीन शुक्रवार रात परिवार के सदस्यों के साथ मकान की छत पर सोए थे। उनके अनुसार रात करीब तीन बजे चोर घर में घुसे और करीब 20 हजार रुपये सहित पत्नी के गहने निकाल ले गए। चोरी की यह वारदात नवीन के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि तीनों ही घटनाओं के केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।