लापता फाइनेंसर अनामिका का दिल्ली में मिला शव
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्माइलपुर से एक सप्ताह पहले लापता हुई अनामिका उर्फ अनुष्का नामक महिला की 15 लाख रुपये के विवाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोलड़बंद, दिल्ली स्थित घर के सेप्टिक टैंक से बरामद किया। पुलिस ने महिला की हत्या में शामिल मां-बेटे सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है। वारदात को सुलझाने में मिसिंग पर्सन सेल प्रभारी एसआई नरेंद्र शर्मा की विशेष भूमिका रही।
इस्माइलपुर निवासी रवि कुमार ने 7 मार्च को पल्ला थाने में शिकायत दी कि उसकी पत्नी अनामिका (28) उर्फ अनुष्का फाइनेंस का काम करती है। 6 मार्च सुबह वह अंबिका भगत और मोनू उर्फ मनीष तिवारी के साथ काम से गई थी। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। पुलिस ने रवि की शिकायत पर अनामिका के लापता होने का मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच मिसिंग पर्सन सेल के पास भेज दी गई। मिसिंग पर्सन सेल प्रभारी एसआई नरेंद्र शर्मा ने उसकी जांच शुरू की तो उन्हें मामला कुछ गड़बड़ दिखा। महिला की हत्या की आशंका के चलते नरेंद्र शर्मा ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार को सारी स्थिति से अवगत करवाया। इस पर पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को नरेंद्र शर्मा के साथ मिलकर मामले की जांच में लगा दिया। टीम में एसआई जगमाल, एएसआई मनोज कुमार, सिपाही विजय व प्रताप को शामिल किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम को पता चला कि अंबिका भगत और मोनू तिवारी की मां मधु तिवारी अनामिका के पास प्लॉट खरीदने के लिए पिछले चार साल से किश्तों में रुपये जमा करवाते आ रहे थे। दोनों ने अनामिका के पास करीब 15 लाख रुपये जमा करवाए थे। अब किश्तें समाप्त होने के बाद दोनों अनामिका से प्लॉट दिलवाने और रजिस्ट्री करवाने की मांग करने लगे। मगर अनामिका कई दिन तक इन्हें टालती रही। इससे परेशान अंबिका भगत और मधु तिवारी ने अनामिका की हत्या करने की योजना बनाई।
एसआई नरेंद्र शर्मा ने बताया कि अंबिका भगत ने एलआईसी कराने के बहाने अनामिका को अपने घर मोलड़बंद, दिल्ली बुलाया। वहां अंबिका भगत, मधु तिवारी और उसके बेटे मोनू तिवारी ने गला दबाकर अनामिका की हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए उन्होंने उसे घर में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया था। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोट
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 10 मार्च को अंबिका भगत, मधु तिवारी और उसके बेटे मोनू तिवारी को एनएचपीसी स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
- नरेंद्र शर्मा, प्रभारी, मिसिंग पर्सन सेल