युवती ने लगाया प्रेमी और उसके छोटे भाई पर दुष्कर्म का आरोप
फरीदाबाद। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके छोटे भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसका प्रेमी उसे चार साल पहले शादी का झांसा दे बहला फुसलाकर ले गया था। 30 दिसंबर को वह उनके चंगुल से छूटकर भाग आई। बीके अस्पताल में भर्ती महिला की शिकायत पुलिस ने ले ली है और उसकी जांच कर रही है।
पीड़ित युवती ने बताया कि करीब चार साल पहले एक युवक उसे शादी का झांसा दे बहला फुसलाकर बिहार ले गया था। अपने घर ले जाने के बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और यातनाएं देनी शुरू कर दी। उसने मारता पीटता, परिजनों से बात नहीं करने देता और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता। करीब छह माह पहले आरोपी युवक उसे यहां अपनी मां और छोटे भाई के पास छोड़ गया। इस दौरान उसके छोटे भाई ने भी उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। इसमें उसकी मां ने भी उसका साथ दिया। पिछले करीब डेढ़ माह से उसे खाना भी नहीं दिया जा रहा था। 30 दिसंबर को वह किसी तरह से उनके चंगुल से छूटकर भाग आई। इस दौरान महिला रास्ते में बेहोश हो गई। लोगों ने उसे बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां होश में आने के बाद युवती ने पुलिस को सारी बात बताई। थाना एसजीएम नगर प्रभारी हरदीप सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।