थाना सूरजकुंड क्षेत्र स्थित ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित फ्लैट में रहने वाले प्रिंटिंग कारोबारी के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने वहां रखे 10 लाख रुपये चुरा लिए। प्रिंटिंग कारोबारी की 22 जनवरी को शादी है और उन्होंने शादी के लिए ही रुपये जोड़कर रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज की जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कॉलोनी बी-ब्लॉक निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाला है और यहां फ्लैट नंबर 280 द्वितीय मंजिल पर रहता है।
दिल्ली में उसका अपने एक दोस्त के साथ साझेदारी में कारोबार है। अशोक के मुताबिक उसकी 22 जनवरी की शादी है। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये जाम किए थे, जो एक बैग में फ्लैट में अलमारी के अंदर रखे थे। गत 17 जनवरी को दिन में वह दोस्त के साथ दिल्ली चला गया।
जब दोनों वापस लौटे तो फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी में से 10 लाख रुपये गायब थे। अशोक ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया। ब्यूरो