पीलीभीत। कानून व्यवस्था को धता बताते हुए दिनदहाड़े एक घंटे के भीतर चेन स्नैचिंग की दो वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर स्नैचरों के आगे पुलिस भी बेबस नजर आ रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नए एसपी मनोज कुमार सोनकर ने थाना पुलिस को चेतावनी भी दी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बदमाशों को गिरफ्तार करना तो दूर पुलिस उनका सुराग तक नहीं लगा सकी है। नगर में चार दिसंबर, 2018 को अपाचे बाइक सवार दो स्नैचरों ने पहले रेलवे स्टेशन रोड पर आर्य समाज मंदिर के पास शिवसेना नगराध्यक्ष शैली शर्मा की मां रिटायर्ड शिक्षिका सुनीता शर्मा की सोने की चेन उड़ाई थी। सूचना पर जब पुलिस स्नैचरों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी तभी स्नैचरों ने महज 45 मिनट बाद ही जिला अस्पताल परिसर में रिटायर्ड दरोगा धारा सिंह की बेटी प्रियंका यादव की सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ा लिया था। घटना को लेकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जुटाए तो एक शातिर स्नैचर का चेहरा सामने आया। दूसरा बदमाश भी पहचान लिया गया। इनकी धरपकड़ के लिए स्वाट-सर्विलांस समेत तीन टीमें लगाई गईं, लेकिन नतीजा नहीं निकल सका। इतना जरूर हुआ कि पुलिस के दामन पर ही दाग लगने लगे और लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाने लगे। कई पुलिसकर्मी शातिर स्नैचर को क्लीन चिट देने लगे थे। एसपी बालेंदु भूषण सिंह के तबादले के बाद नवागत एसपी मनोज कुमार सोनकर के जिले का चार्ज संभालते ही पीड़ित पक्ष ने उनसे गुहार लगाई। इस पर एसपी मनोज कुमार ने थाना पुलिस को शातिर स्नैचर की धरपकड़ का टास्क देते हुए चेताया भी, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी परिणाम नहीं निकला है। शातिर स्नैचर की खोजबीन को किए जा रहे प्रयास भी पस्त पड़ गए हैं।
प्रकाश में आए स्नैचर की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास जारी है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए भी टीमें लगातार सुरागरसी कर रही है। इसकी प्रगति भी जानी जा रही है, जल्द उसको गिरफ्तार किया जाएगा। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी