ईको ग्रीन कंपनी पर लगाया अवैध वसूली का आरोप
फरीदाबाद। कूड़ा उठाने के बदले ईको ग्रीन कंपनी के कर्मचारियों द्वारा अधिक पैसे वसूलने के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रीन फील्ड कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र कुमार से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की।
ग्रीन फील्ड रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान वीरेंद्र भड़ाना का कहना हैं कि ग्रीन कॉलोनी में करीब छह हजार फ्लैट्स हैं। कंपनी ने 40 रुपये प्रति माह प्रत्येक फ्लैट से कूड़ा उठाने के लिए तय कर रखे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी में फ्लैट मालिकों से 40 रुपये की बजाय 80 रुपये प्रति माह वसूले जा रहे हैं। इस तरह प्रत्येक महीने करीब 4.5 लाख रुपये की अवैध वसूली हो रही है। अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने कार्यकारी अभियंता दीपक किंगर को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।