लिव इन में रह रही महिला की हत्या, आरोपी फरार
फरीदाबाद। गांव अजरौंदा, सेक्टर-15ए में लिव इन रिलेशन में रह रही एक महिला की उसके साथ रह रहे व्यक्ति ने गला दबाकर हत्या कर दी और बाहर से कमरे की कुंडी लगाकर फरार हो गया। अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आने और बाहर से कुंडी लगी होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
मूलरूप से गांव डीगल, झज्जर निवासी कश्मीर सिंह उर्फ ढिल्लू यहां एक निजी कंपनी में काम करता है और करीब 15 दिन पहले ही यहां रहने आया था। उसने गांव अजरौंदा, सेक्टर-15ए में एक कमरा किराए पर लिया था और उसमें लक्ष्मी नाम की महिला के साथ रह रहा था। लक्ष्मी पिछले तीन साल से उसके साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। अजरौंदा निवासी अमित सैनी ने 28 जनवरी को सेंट्रल थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके मकान में रहने वाला किराएदार कश्मीर सिंह की कथित पत्नी लक्ष्मी का शव कमरे में पड़ा है और वह खुद फरार है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की कुंडी खोलकर देख तो अंदर लक्ष्मी मृत मिली और उसका पांच साल का बच्चा पास ही बैठा रो रहा था।
जांच अधिकारी एएसआई सूरज सिंह ने आशंका जताई कि रविवार रात को किसी बात पर लक्ष्मी और कश्मीर के बीच कहासुनी हुई होगी, जिसके बाद उसने गला दबाकर लक्ष्मी की हत्या कर दी और फरार हो गया। वह अपने गांव भी नहीं पहुंचा है। गांव में संपर्क करने पर पता चला कि लक्ष्मी मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली थी और उनके पड़ोस के गांव में ही उसकी शादी हुई थी। करीब तीन साल पहले लक्ष्मी के पति ने उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद वह कश्मीर के साथ ही रह रही थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कश्मीर की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई सूरज सिंह ने बताया कि लक्ष्मी के बेटे को पुलिस ने बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है।