एनएचएआई ने बताया सामान्य, ट्रैफिक जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्लभगढ़ से अजरौंदा चौक की ओर जाने वाले फ्लाईओवर की सड़क पर शुक्रवार को दरार नजर आई। सड़क पर दरार दिखने के बाद राहगीरों में चर्चा का माहौल बन गया लेकिन एनएचएआई ने स्थिति को नियंत्रण में बताया।
एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर की सतह पर इस तरह की दरार आना कोई असामान्य बात नहीं है। यह तापमान परिवर्तन और ट्रैफिक लोड के कारण हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार दरार की मरम्मत के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही आवश्यक सुधार कार्य किया जाएगा।
वहीं यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी तरह का ट्रैफिक डायवर्जन लागू नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार अभी तक एनएचएआई की ओर से सड़क बंद करने या मार्ग बदलने के कोई निर्देश नहीं मिले हैं इसलिए फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
सड़क की सतह पर दरार आना सामान्य बात है। इसको ठीक करने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देश दे दिए हैं। - धीरज सिंह, उप महाप्रबंधक, एनएचएआई