यातायात पुलिस प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ चलाएगी विशेष अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनसीआर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए फरीदाबाद यातायात पुलिस जल्द ही पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। इसके तहत बीएस 3 और उससे नीचे श्रेणी के पुराने ट्रक और बसों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसे लेकर डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सेक्टर-12 स्थित कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, सभी यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी और यातायात शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने केंद्र और हरियाणा सरकार, एनसीआर योजना बोर्ड तथा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत परिर्वतन योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने और ईओएल वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही वाहन मालिकों को योजना के बारे में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
पुराने वाहन स्क्रैप कराने पर मिलेगा लाभ
परिवर्तन योजना के तहत ईओएल ट्रक और बसों को अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर पर स्क्रैप कराने के बाद वाहन मालिकों को विभिन्न लाभ मिल सकते हैं। नया बीएस 4 या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत तक छूट, जबकि पुराने वाहन के स्थान पर इस्तेमाल किया हुआ बीएस 4 या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 50 प्रतिशत तक मोटर वाहन कर में छूट का प्रावधान है। इसके अलावा पंजीकरण शुल्क में छूट और वाहन निर्माताओं की ओर से अन्य प्रोत्साहन भी दिए जाने का प्रावधान है।