-गोरक्ष दल के पदाधिकारियों ने भी की शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। क्षेत्र में एक युवक ने कुछ कथित गोरक्षकों पर जान से मारने की धमकी देने और पीछा कर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही गोरक्षा दल के सदस्यों ने भी एक शिकायत पुलिस को दर्ज कराई है। जिसमें उनकी बोलेरो गाड़ी को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने और उन पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित खलील अहमद उर्फ छुटटन निवासी वार्ड नंबर 5 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राजस्थान चोपानकी में पूर्व दर्ज एक हत्या के मामले में शिकायतकर्ता है, जिसमें आरोपी गोरक्षक दल से जुड़े बताए गए हैं। इसके चलते उसे लगातार अज्ञात लोगों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। 29 मार्च की रात करीब 11:15 बजे वह तावडू के बड़े नूंह सड़क बाईपास पर मौजूद था। उसी दौरान कुछ लोग अपने 4-5 साथियों के साथ वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाने लगे। आरोप है कि उन्होंने खलील अहमद को उक्त मुकदमे में गवाही न देने की चेतावनी दी और जान से मारने की धमकी दी।
इसी दौरान आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। मौके पर से वह अपनी गाड़ी लेकर निकल गया, लेकिन आरोपियों ने बिना नंबर की गाड़ी से उसका पीछा किया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने सर्विस स्टेशन के पास और बाद में सत्संग गेट के नजदीक दोबारा फायरिंग की। युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहा। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया गया। दूसरी ओर से गौ रक्षा दल से जुड़े सागर निवासी कोटा खंडेवला ने भी पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। जांच कर रहे एसएसआई राहुल खान ने बताया कि इस प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है।