आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना पल्ला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तिलपत में वार्ड नंबर-28 के पार्षद के कार्यालय पर अज्ञात युवकों की ओर से ईंट-पत्थर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 12 मई की रात लगभग 9 से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
थाना पल्ला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पार्षद उमेश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ युवक बाइक पर सवार होकर कार्यालय पहुंचे और अचानक ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। उस समय उनका चालक सेठी शर्मा कार्यालय में मौजूद था। हमले की आवाज सुनकर चालक बाहर आया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने उसे पत्थर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए।
घटना के दौरान पार्षद की गाड़ी और कार्यालय के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है। अंधेरा होने के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद पार्षद ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।